देश की खबरें | बीएमसी के 2022 में होने वाले चुनाव से पहले कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान शुरू किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 29 दिसंबर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 2022 में चुनाव से पहले, कांग्रेस ने 100 दिन का जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस दौरान पार्टी के प्रतिनिधि सभी 227 वार्ड के निवासियों से संवाद करेंगे।

बीएमसी पर शिवसेना का शासन है।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महाराष्ट्र मामलों के प्रभारी एचके पाटिल ने कहा कि अभियान का लक्ष्य मुंबई में पार्टी को मजबूत करना और स्थानीय निवासियों की शिकायतों को दूर करना है।

कांग्रेस राज्य में शिवसेना नीत एमवीए सरकार का हिस्सा है जबकि कांग्रेस बीएमसी में विपक्ष में है। करीब तीन दशक से बीएमसी पर उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना का कब्जा है।

पाटिल ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अभियान शहर में 100 दिन चलेगा जिसमें कांग्रेस बीएमसी के सभी 227 वार्डों में संवाद कार्यक्रम करेगी और निवासियों की समस्याओं को जानेगी।

नव नियुक्त मुंबई कांग्रेस प्रमुख भाई जगताप ने कहा, " एक समय था कि कांग्रेस बीएमसी में करीब 70 सीटें जीता करती थी। हम इससे ज्यादा सीटे जीतने के लिए पार्टी को और मजबूत बनाना चाहते हैं।" बीएमसी में कांग्रेस की सीटें 30 से कम हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)