नयी दिल्ली, 10 अगस्त कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जब भारत आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करता है तब इनको भारत की सेना पर नहीं बल्कि दुश्मन के दावों पर भरोसा होता है।
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सहित विपक्ष पर निशाना साधा और कहा, ‘‘ दुनिया में कोई भारत को अपशब्द बोलता है तो इन्हें उस पर तुरंत विश्वास हो जाता है और प्रचार करने में लग जाते हैं। ये कांग्रेस की फितरत रही है।’’
उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक की, एयर स्ट्राइक की, लेकिन इनको (कांग्रेस) भारत की सेना पर भरोसा नहीं था, इनको भरोसा दुश्मन के दावों पर था।
मोदी ने कहा कि कश्मीर आतंकवाद की आग में दिन-रात सुलग रहा था, लेकिन कांग्रेस सरकार का कश्मीर के आम लोगों पर विश्वास नहीं था।
उन्होंने कहा कि ये (कांग्रेस) हुर्रियत, अलगाववादियों और पाकिस्तान का झंडा लेकर चलने वालों पर विश्वास करते थे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस को परिवारवाद पसंद है, कांग्रेस को दरबारवाद पसंद है। जहां बड़े लोग, उनके बेटे-बेटियां भी बड़े पदों पर काबिज हों। यही उनकी कार्यशैली रही है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ये वे लोग हैं, जिन्हें देश के सामर्थ्य पर भरोसा नहीं है। इन लोगों को देश के परिश्रम पर विश्वास नहीं है। देश के पराक्रम पर विश्वास नहीं है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘आज देश में जो मंगल हो रहा है, चारों तरफ जय-जयकार हो रही है, काले टीके के रूप में काले कपड़े पहनकर, यहां आकर आपने इस मंगल को सुरक्षित करने का काम किया है। इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं।’’
मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास ना नीति है, ना नीयत है, ना विजन है, ना वैश्विक अर्थव्यस्था की समझ है और ना ही इन्हें भारत के अर्थजगत की जानकारी है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथियों का सबसे प्यारा नारा है- ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’, लेकिन इनकी ये गालियां, ये अपशब्द उनके (मोदी) लिए टॉनिक का काम करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ इस अविश्वास प्रस्ताव पर भी आपने कैसी चर्चा की, इससे आपके दरबारी भी बहुत दुःखी हैं।’’
क्रिकेट की शब्दावली के माध्यम से मोदी ने कहा कि इस चर्चा में मजा तो तब आया, जब फील्डिंग विपक्ष ने लगाई, लेकिन चौके- छक्के हमारी तरफ से ही लगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर नो बॉल ही करता जा रहा है। और इधर से (सत्ता पक्ष) से सभी शतक लगा रहे हैं।’’
मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आप (विपक्ष) तैयारी करके क्यों नहीं आते... थोड़ी मेहनत कीजिए।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने, आपको मेहनत करने के लिए पांच साल दिये, लेकिन पांच साल में भी आप लोग तैयारी नहीं कर पाए।’’
दीपक वैभव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY