हैदराबाद, 18 अप्रैल कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के मई के पहले सप्ताह में हैदराबाद आने और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने की संभावना है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद ए रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
रेड्डी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) ने बेरोजगारी और तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (टीएसपीएससी) के परीक्षा पत्र लीक होने के मुद्दे पर बड़े पैमाने पर आंदोलन आयोजित करने का फैसला किया है और इसके तहत यहां चार या पांच मई को एक बैठक आयोजित की जाएगी और प्रियंका गांधी इसमें मुख्य अतिथि होंगी।
इसमें कहा गया है कि टीपीसीसी द्वारा 21 अप्रैल को नलगोंडा में महात्मा गांधी विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और इसी तरह 24 अप्रैल को खम्मम में जबकि 26 अप्रैल को आदिलाबाद में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘अगले महीने की चार और पांच तारीख को हम यहां के सरूर नगर मैदान में बेरोजगारों की समस्याओं पर बैठक करेंगे। प्रियंका गांधी इस बैठक में मुख्य अतिथि होंगी। वह कर्नाटक चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के बाद हैदराबाद आएंगी। दो दिन में उनके दौरे को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जायेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बैठक में हम यह बतायेंगे कि केंद्र और राज्य की सत्ता में आने के बाद कांग्रेस पार्टी युवाओं के लिए क्या करने जा रही है।’’
टीपीसीसी प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव देश और तेलंगाना में युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर प्रदान करने में ‘‘विफल’’ रहे हैं।
रेड्डी ने मांग की प्रश्न पत्र लीक होने के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से करवायी जानी चाहिये ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY