देश की खबरें | कांग्रेस ‘दिशाहीन’, लंबे समय तक सत्ता में आती नहीं दिखती : अदिति सिंह

रायबरेली (उत्तर प्रदेश), 23 मार्च रायबरेली की विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस को “गैर-मौजूद” कार्य संस्कृति के साथ “दिशाहीन” करार देते हुए कहा कि उन्हें वह (कांग्रेस) लंबे समय तक सत्ता में आते हुए नहीं दिख रही।

सिंह (34) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पाला बदल भाजपा का दामन थाम लिया था।

समाजवादी पार्टी के आरपी यादव को 7,100 मतों से हराकर लगातार दूसरी चुनावी जीत दर्ज करने वाली सिंह ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का उनका फैसला निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के प्रति उनके दायित्व के चलते लिया गया।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में आती नहीं दिखती।”

सिंह ने कहा, “मैं उनके साथ समन्वय नहीं कर सकी, उनकी कार्य संस्कृति को समझ या उससे सहमत नहीं हो सकी। वह अस्तित्वहीन थी। तो आप विकास कहां करते? जब मैं पिछली बार निर्वाचित हुई थी तब मैं 29 वर्ष की थी। मेरे पास सीखने, पेशेवर और सही तरह का दिशानिर्देशन पाने के लिए ये वर्ष हैं। मैं उस दिशाहीन पार्टी में क्या करती ?”

उन्होंने कहा, “दूसरी ओर, हमारे पास एक ऐसी पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) है, जिसके पास केंद्र से लेकर राज्यों, विधानसभा तक स्पष्ट दृष्टि और दिशा है और इतने मेहनती नेता हैं।"

उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा की जीत को “ऐतिहासिक” करार दिया।

उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, “मेरी पार्टी आजादी के बाद से इस निर्वाचन क्षेत्र से कभी नहीं जीती थी। शायद एक समय था जब जनता दल जीता था, जिसे फिर से मेरे चाचा ने जीता था। इसलिए, यह बहुत कठिन जीत थी।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)