मुंबई, 26 नवंबर कांग्रेस ने रविवार को मुंबई में एक विरोध रैली आयोजित की और अडाणी समूह की कंपनी को दिए गए धारावी पुनर्विकास परियोजना के अनुबंध को रद्द करने की मांग की।
कांग्रेस ने अडाणी समूह की कंपनी को कार्य आदेश जारी करने में विसंगतियों का आरोप लगाया है।
कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड ने आरोप लगाया कि धारावी झुग्गी बस्ती कॉलोनी के कई लोगों को पालघर जैसे दूर के इलाकों में स्थानांतरित करने के लिए भारी रकम की पेशकश की गई है।
गायकवाड ने दावा किया कि कुछ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी (जो मुठभेड़ विशेषज्ञ थे)अक्सर धारावी का दौरा कर रहे हैं और स्थानीय लोगों से अडाणी द्वारा शुरू की गई पुनर्विकास परियोजना का विरोध नहीं करने के लिए कह रहे हैं।
धारावी से विधायक गायकवाड ने कहा, ‘‘ जब भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं, तो प्रधानमंत्री उनसे धारावी के लोगों के बारे में नहीं पूछते, बल्कि धारावी पुनर्विकास परियोजना की प्रगति के बारे में पूछते हैं। धारावी के पुनर्विकास में उनका केवल व्यावसायिक हित है, क्योंकि यहां रहने वाले कई लोगों को पालघर या अन्य दूर के इलाकों में स्थानांतरित होने के लिए मोटी रकम की पेशकश की गई है। ’’
उन्होंने मांग की कि गौतम अडाणी को दिए गए पुनर्विकास अनुबंध को उन्हें कार्य आदेश जारी करने के तरीके में कई विसंगतियों के मद्देनजर रद्द कर दिया जाना चाहिए।
महाराष्ट्र सरकार ने जुलाई में औपचारिक रूप से 259 हेक्टेयर क्षेत्र में धारावी पुनर्विकास परियोजना को अडाणी समूह की कंपनी को सौंप दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY