अमरावती (आंध्रप्रदेश), 11 अगस्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि कोविड-19 मामलों का पता लगाने के लिए ‘‘केंद्रित जांच’’ रणनीति का फायदा मिल रहा है क्योंकि राज्य कोविड-19 के मामलों को कम रखने में सफल रहा है जबकि ‘‘कड़े क्लीनिकल प्रबंधन’’ से यह सुनिश्चित हुआ है कि मृत्यु दर एक प्रतिशत से नीचे बनी रहे।
रेड्डी ने कहा कि समुदाय आधारित लक्षित जांच, संक्रमितों के सम्पर्क में आये लोगों की जांच और निरुद्ध क्षेत्रों में जोखिम वाले सभी मरीजों की जांच करने पर सरकार का जोर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि राज्य का हर समय मुख्य उद्देश्य सही और उच्च गुणवत्ता वाला इलाज मुहैया कराकर जीवन को बचाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम न केवल अधिक जांच कर रहे हैं, बल्कि अधिक केंद्रित जांच कर रहे हैं। हम उन क्षेत्रों और समूहों में जांच कर रहे हैं, जहां हमें लगता है कि अधिक मामलों का पता लगने की आशंका है। किसी भी समय हमारा उद्देश्य मामलों की जल्द पहचान करना, सही और उच्च गुणवत्ता की देखभाल और उपचार मुहैया कराकर जीवन बचाना है।’’
राज्य में कोविड-19 के मामलों में हाल में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए, जगन रेड्डी ने कहा, ‘‘यह जांच बढ़ाने के चलते है। पिछले कुछ हफ्तों में, हमारे कई जिले में मामलों में वृद्धि देखी गई है।’’
उन्होंने कहा कि जांच करके, संक्रमितों के सम्पर्क में आये लोगों की पहचान करके, जमीनी स्तर पर दो लाख से अधिक स्वयंसेवकों की भागीदारी से, कठोर नैदानिक प्रबंधन से, हम पिछले दो महीनों में प्रत्येक जिले में मृत्यु दर को 1.5 प्रतिशत से कम रखने तथा पूरे महामारी के दौरान राज्य में कुल मिलाकर एक प्रतिशत से नीचे रखने में सफल रहे हैं।’’
जगन ने कहा कि 'आत्मनिर्भर भारत' की भावना के तहत सभी जिले और कुल मिलाकर राज्य इस महामारी और भविष्य की चिकित्सा चुनौतियों से निपटने को लेकर अधिक आत्मनिर्भर हो गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में प्रयोगशाला जांच क्षमता देश में सबसे अधिक प्रति दिन 35,000 से अधिक जांच करने की है। उन्होंने कहा कि प्रति 10 लाख जनसंख्या पर जांच की संख्या 45,000 से अधिक है और यह राष्ट्रीय औसत से 2.5 गुना अधिक है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब कोविड-19 रोगियों के लिए 138 अस्पतालों (सरकारी और निजी) में 37,189 बिस्तर हैं, जिसमें 4,320 आईसीयू और 17,228 ऑक्सीजन आपूर्ति की सुविधा वाले शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY