देश की खबरें | न्यायमूर्ति माइकल पर टिप्पणी के लिए केंद्रीय मंत्री जोशी के खिलाफ कर्नाटक के राज्यपाल से शिकायत

बेंगलुरु, 11 नवंबर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव और राजस्व मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से उनके उस कथित बयान के लिए माफी मांगने की मांग की, जिसमें उन्होंने न्यायमूर्ति माइकल डी कुन्हा को ‘‘एजेंट’’ कहा था।

राव और गौड़ा ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत को एक शिकायत देकर जोशी के कथित बयान के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी ऐसे समय में आई, जब कोविड-19 महामारी के दौरान उपकरणों एवं दवाओं की खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच करने वाले न्यायमूर्ति माइकल डी कुन्हा जांच आयोग ने प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बी.एस. येदियुरप्पा तथा पूर्व मंत्री बी. श्रीरामुलु के खिलाफ मुकदमा चलाने की सिफारिश की है।

मंत्री गुंडू राव ने संवाददाताओं से कहा कि उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश माइकल डी कुन्हा ने ईमानदारी से काम किया है और जोशी ने एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ बयान दिया है जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रह्लाद जोशी के हालिया बयान अहंकार से भरे हुए हैं। सेवानिवृत्त न्यायाधीश को कांग्रेस का एजेंट कहने का क्या मतलब है? जोशी हम राजनेताओं के बारे में बोलें या कानूनी लड़ाई लड़ें, लेकिन एक (पूर्व) न्यायाधीश पर हमला करना सही नहीं है।’’

मंत्री ने आरोप लगाया कि आयोग द्वारा अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पहले जोशी न्यायमूर्ति माइकल पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति माइकल को ‘‘कांग्रेस का एजेंट’’ कहना दबाव की रणनीति का हिस्सा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)