जरुरी जानकारी | भारत में काम कर रही कंपनियों को स्थानीय नियमों का पालन करना होगा : पेटीएम संस्थापक

नयी दिल्ली, तीन जुलाई डेटा के स्थानीयकरण पर जारी बहस में शामिल होते हुए पेटीएम के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा ने सोमवार को कहा कि भारत में काम करने वाली कंपनियों को देश के नियमों और विनियमों का पालन करना चाहिए और साथ ही नागरिकों के ब्योरे (डेटा) की सुरक्षा करने का दायित्व भी उनका है।

शर्मा ने कहा कि भारत में स्टार्टअप एक ‘अविश्वसनीय परिवर्तन बिंदु’ पर हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक दुनिया की चुनौतियों को अपने नवोन्मेषी रुख से सुलझाने वाली स्टार्टअप कंपनियों के लिए कोष की कोई कमी नहीं है।

शर्मा ने डिजिटल क्षेत्र में प्रस्तावित नियमनों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘मैं अपने नागरिकों के ब्योरे को सुरक्षित रखने के पक्ष में हूं। यह स्पष्ट कर दें कि यदि आप भारत में काम कर रहे हैं, तो आपको इस देश के कानूनों और विनियमों का पालन करना होगा। आप यह नहीं कह सकते कि मेरी अदालत किसी दूसरे देश में है।’’

रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी भारतीय कंपनियां देश के भीतर भारतीय उपयोगकर्ताओं से उत्पन्न डेटा के भंडारण और प्रसंस्करण की समर्थक रही हैं, जबकि विदेशी कंपनियां देश के बाहर भी डेटा संग्रहीत करने की स्वतंत्रता चाहती हैं।

वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी के प्रमुख ने कहा कि एक बाजार के रूप में भारत अपने उपयोगकर्ताओं के बड़े आधार के साथ आकर्षक मौके पेश करता है।

शर्मा ने ‘स्टार्टअप20 शिखर’ कार्यक्रम से इतर कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि भारतीयों के डेटा तक पहुंच रखने वाली प्रौद्योगिकी कंपनियां इस देश के नियम और नियमनों का पालन नहीं करना चाहेंगी।

शर्मा ने कामकाज के संचालन को लेकर उद्यमियों से कहा, ‘‘आपके पास दुनिया में प्रभाव पैदा करने का अवसर है। यदि आप इसे अपने लिए या पारिस्थितिकी तंत्र की कीमत पर कुछ बनाने का मौका मानते हैं, तो इसे चुनौती दी जानी चाहिए।’’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कुछ लोगों का मामला है।

उन्होंने कहा कि भारत ने जो डिजिटल सार्वजनिक ढांचा बनाया है वह दुनिया के लिए एक उदाहरण है। शर्मा ने कहा कि भारत में स्टार्टअप के पास दुनिया के लिए बनाने का मौका है, लेकिन कंपनियों को बाजार में टिके रहने के लिए तेजी मजबूती दिखानी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)