देश की खबरें | फसल बीमा योजना के नाम पर लूट रही कंपनियां : हुड्डा

जींद, 13 दिसंबर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि राज्य की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य, खाद और मुआवजे के लिए तरसा दिया है।

हुड्डा ने दावा किया कि कि एकबार फिर किसानों को कड़कड़ाती सर्दी के बीच खाद की लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, क्योंकि सरकार जरूरत के मुताबिक खाद की आपूर्ति करने में नाकाम साबित हुई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम पर एकबार फिर किसानों के साथ करोड़ों रुपए का घपला हुआ है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर-2 के सात जिलों - करनाल, अंबाला, हिसार, गुरुग्राम, जींद, महेंद्रगढ़ और सोनीपत - के किसानों से बीमा प्रीमियम ले लिया गया लेकिन उनका बीमा किया ही नहीं गया।

उन्होंने कहा कि अब किसान मुआवजे के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। इतना ही नहीं धान सीजन के दौरान आढ़ती और मजदूरों का करीब 500 करोड़ रुपया भी अब तक सरकार ने नहीं दिया है।

हुड्डा आज जींद में कई निजी कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे थे।

पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री आपसी खींचतान में व्यस्त हैं और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

हुड्डा ने कहा एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि यह सरकार लोगों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम है और हरियाणा महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य बनकर उभरा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)