देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों पर सामुदायिक संक्रमण सामने आया, राज्य में हर हफ्ते दो दिनों का लॉकडाउन घोषित
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, 20 जुलाई पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में कोविड-19 के सामुदायिक संक्रमण होने का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी सरकार ने इस बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए राज्यभर में सप्ताह में दो दिन के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाने का सोमवार को ऐलान किया।

गृह सचिव अलपान बंदोपाध्याय ने बताया कि राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़े | Rajasthan Political Crisis: सचिन पायलट ने तोड़ी चुप्पी, 35 करोड़ की रिश्वत के आरोपों' पर बोले 'उदास हूं, मगर हैरान नहीं, उचित क़ानूनी कार्रवाई करूंगा'.

उन्होंने यहां सचिवालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘ राज्य में कुछ ऐसे स्थान हैं जहां कोविड-19 का सामुदायिक संक्रमण सामने आया है। विशेषज्ञों, डॉक्टरों, कानून प्रवर्तन अधिकारियों और पुलिस से बातचीत करने के बाद हमने (संक्रमण की) इस श्रृंखला को तोड़ने के लिए पूरे राज्य में दो दिन के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया है।’’

उन्होंने बताया कि इन दोनों दिन सारे कार्यालय और परिवहन सेवाएं बंद रहेंगी।

यह भी पढ़े | कोरोना के केरल में 794 नए मरीज पाए गए: 20 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गृहसचिव ने कहा, ‘‘ इस सप्ताह बृहस्पतिवार और शनिवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। अगले सप्ताह बुधवार (29 जुलाई) को लॉकडाउन रहेगा। ’’

उन्होंने बताया कि इस मामले पर और चर्चा करने के लिए अगले सोमवार को एक समीक्षा बैठक की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)