देश की खबरें | सांप्रदायिकता ‘बीमारी’ है, ‘जातिवाद का जहर’ समाज को दूषित कर रहा: कांग्रेस नेता जनार्दन द्विवेदी

नयी दिल्ली, चार दिसंबर कांग्रेस नेता जनार्दन द्विवेदी ने सोमवार को कहा कि जहां सांप्रदायिकता एक ‘‘बीमारी’’ है, वहीं ‘‘जातिवाद का जहर’’ समाज को दूषित कर रहा है और जोर दिया कि इसका इस्तेमाल निजी फायदे के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा के जीवन पर आधारित किताब ‘जवाहर’ के विमोचन के मौके पर द्विवेदी ने कहा कि देश के राजनीतिक माहौल को साफ-सुथरा बनाने के लिए सांप्रदायिकता और जातिवाद की बुराइयों को खत्म करना जरूरी है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि सांप्रदायिकता एक बीमारी है लेकिन इसके साथ-साथ जिस जहर से पूरा समाज दूषित हो रहा है, वह भी एक बड़ा धब्बा है। हमें दोनों के साथ समान व्यवहार करना होगा। हमें दोनों चीजों को रोकने और खुद को दोनों से मुक्त करने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कठोर शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, लेकिन व्यक्तिगत फायदे के लिए उनकी मदद लेना (ठीक नहीं है)...जब तक यह खत्म नहीं होगा, मुझे नहीं लगता कि हमारा राजनीतिक माहौल साफ-सुथरा हो पाएगा।’’

उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई जब कांग्रेस यह कहते हुए जाति जनगणना कराए जाने पर जोर दे रही है कि इससे पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए नीतियां बनाई जा सकेंगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने याद किया कि नेताओं की पिछली पीढ़ी हमेशा एक-दूसरे की मदद करने और जरूरत के समय सद्भावना दिखाने के साथ अपने मतभेदों को दूर रखती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यह गुण खो गया है और नेताओं के बीच उस संस्कृति को जिंदा करने की आवश्यकता है, भले ही उनके विचार एक-दूसरे के विरोधी हों।

लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष विजय दर्डा ने याद किया कि कैसे उनके पिता जवाहरलाल दर्डा ने एक बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अटल बिहारी वाजपेयी के लिए कारों की व्यवस्था की थी, जो दर्डा के खिलाफ प्रचार करने आए थे।

जवाहरलाल दर्डा एक स्वतंत्रता सेनानी, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और लोकमत समूह के संस्थापक संपादक थे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और एस पी एस बघेल, जैन संत लोकेश मुनि और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद सौगत रॉय समेत अन्य शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)