जरुरी जानकारी | कॉफी डे का शेयर 20 प्रतिशत चढ़ा, ऊपरी सर्किट को छुआ

नयी दिल्ली, 13 सितंबर कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड और उसके ऋणदाता इंडसइंड बैंक में समझौता होने पर उसके खिलाफ दिवाला आदेश रद्द करने के राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) के आदेश के बाद कंपनी के शेयर में बुधवार को 20 प्रतिशत उछाल आया और यह अपने ऊपरी सर्किट को छू गया।

कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड प्रसिद्ध कॉफी श्रृंखला कैफे कॉफी डे की मालिक है और इसका परिचालन करती है।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 19.77 प्रतिशत बढ़कर 51.26 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 20 प्रतिशत उछलकर 51.36 रुपये पर पहुंच गया था, जो इसकी ऊपरी सर्किट सीमा है।

एनएसई पर कंपनी का शेयर ऊपरी सर्किट सीमा यानी 20 प्रतिशत उछलकर 51.30 रुपये पर बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी के 31.18 लाख शेयरों और एनएसई पर दो करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ।

सीडीजीएल और इंडसइंड बैंक के वकील ने बुधवार को एनसीएलएटी की चेन्नई पीठ को समझौते के बारे में सूचित किया और दिवाला मुकदमे को वापस लेने की अनुमति मांगी।

न्यायमूर्ति एम वेणुगोपाल और श्रीशा मेरला की दो सदस्यीय पीठ ने उनकी दलीलों को रिकॉर्ड पर लिया और सीडीजीएल को दिवालिया घोषित करने के आदेश को रद्द कर दिया। इससे पहले 11 अगस्त को एनसीएलएटी ने एक अंतरिम आदेश के जरिये राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के सीडीजीएल के खिलाफ दिवालिया कार्यवाही शुरू करने के निर्देश पर रोक लगा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)