पणजी, 17 सितंबर गोवा सरकार ने शनिवार को राज्य भर के 37 समुद्र तटों पर सफाई अभियान चलाया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आने वाली पीढ़ियों के लिए समुद्र तट को संरक्षित करने और नीली अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राज्य के पर्यटन विभाग ने केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर अभियान का आयोजन किया।
सावंत और राज्यपाल पी. एस. श्रीधरन पिल्लई ने यहां के निकट मीरामार समुद्र तट पर अभियान में हिस्सा लिया, जबकि राज्य के पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने उत्तरी गोवा के कलंगुट समुद्र तट पर अभियान में भाग लिया।
मीरामार समुद्र तट पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावंत ने कहा कि गोवा की अर्थव्यवस्था काफी हद तक समुद्र तटों पर निर्भर है और उन्होंने तट को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें नीली अर्थव्यवस्था के लाभों को संरक्षित करना चाहिए और अपनी आने वाली पीढ़ियों सौंपना चाहिए ताकि वे भी उनसे लाभान्वित हों।’’
सावंत ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से समुद्र तटों को हमेशा साफ रखने की अपील की।
कलंगुट में खुंटे ने कहा कि तटीय क्षेत्र में लोगों की आजीविका समुद्र तटों पर निर्भर है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि हर साल करीब 90 लाख पर्यटक ‘‘सूरज, रेत और समुद्र’’ का आनंद लेने के लिए राज्य में आते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम सूर्य, रेत और समुद्र की अपनी खूबी को बरकरार रखना चाहते हैं, तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे समुद्र तट साफ और सुरक्षित हों।’’
खूंटे ने कहा कि पारिस्थितिकी की सुरक्षा और लोगों की आजीविका सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छ तट भी महत्वपूर्ण हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY