देश की खबरें | बाहरी दिल्ली में ट्रक की टक्कर से आठवीं कक्षा के छात्र की मौत

नयी दिल्ली, तीन जुलाई बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके में सोमवार को सड़क पार कर रहे सरकारी विद्यालय के आठवीं कक्षा के एक छात्र की कथित तौर पर एक ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि हादसा तब हुआ जब मनीराम विद्यालय से घर लौट रहा था। उन्होंने कहा कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।

बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हादसे के संबंध में नांगलोई थाने में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पीसीआर से सूचना मिली।

सिंह ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस को छात्र मृत अवस्था में मिला। उन्होंने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक विशेषज्ञों और एक अन्य टीम ने किया।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 304 ए (लापरवाही के कारण हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी स्थित एसजीएम अस्पताल भेजा गया है जिसके बाद यह परिवार को सौंप दिया जाएगा।

अभिषेक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)