देश की खबरें | ओडिशा में दो रूसी नागरिकों की मौत की जांच सीआईडी ने तेज की

भुवनेश्वर, 28 दिसंबर ओडिशा पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने रायगढ़ के एक होटल में दो रूसी नागरिकों की मौत की जांच बुधवार को तेज कर दी और उनके सह-यात्रियों और टुअर गाइड से पूछताछ भी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एंटोव की 24 दिसंबर को होटल की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद मौत हो गई थी, जबकि बाइडेनोव 22 दिसंबर को होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए थे।

एंटोव और बाइडेनोव सहित चार-सदस्यीय रूसी दल ने दिल्ली के अपने टुअर गाइड जितेंद्र सिंह के साथ 21 दिसंबर को रायगढ़ जिले के होटल में पहुंचा था।

पुलिस ने बताया कि सिंह के साथ दो सह-यात्रियों पानसासेंको नतालिया (44) और तुरोव मिखाइल (64) से पूछताछ की जा रही है।

दोनों से फिलहाल राज्य न छोड़ने को कहा गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "दंपती और गाइड को मंगलवार को भुवनेश्वर में अपराध शाखा के कार्यालय और बाद में बुधवार को राज्य पुलिस मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनसे अलग-अलग मुद्दों पर पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने रायगढ़ को ही अपने गंतव्य के रूप में क्यों चुना।"

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें हिरासत में ले लिया गया है या गिरफ्तार किया गया है, उन्होंने कहा, "ऐसा कुछ नहीं है।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘हमें अब तक अनियमितताओं का संकेत देने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। सीआईडी घटना के विभिन्न कोणों से जांच कर रही है।”

सीआईडी ने होटल के उन दोनों कमरों को भी सील कर दिया है, जहां एंटोव और बाइडेनोव (61) ठहरे हुए थे।

पुलिस ने बताया कि रूसी सांसद और व्यवसायी पावेल एंटोव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इस बात के संकेत मिलते हैं कि एंटोव की मौत गिरने के बाद आंतरिक चोट के कारण हुई, जबकि उनके साथी यात्री व्लादिमीर बाइडेनोव की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।

उन्होंने कहा कि दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार उनके परिवार के सदस्यों और रूसी दूतावास की सहमति से कर दिया गया है।

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुनील कुमार बंसल ने मंगलवार को रायगढ़ जिले के एक ही होटल में दो रूसी नागरिकों की ‘‘अप्राकृतिक’’ मौत की सीआईडी जांच के आदेश दिए थे।

इस बीच, एक स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी ने दावा किया कि रूसी पर्यटक इस क्षेत्र की जनजातीय जीवन शैली देखने के लिए रायगढ़ आए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)