देश की खबरें | केरल में पिछले 100 साल में हुए नौका हादसों का घटनाक्रम

तिरुवनंतपुरम/मालप्पुरम, आठ मई केरल में पिछले 100 वर्षों में 12 नौका हादसे हुए हैं, जिनमें 200 से ज्यादा लोगों की जान गई है। इनमें रविवार को मालप्पुरम जिले के तानूर में हुई दुर्घटना भी शामिल है।

साल 1924 से सात मई 2023 तक हुए नौका हादसों का घटनाक्रम इस प्रकार है-

-1924: कोल्लम से कोट्टयम जा रही एक नौका के पलाना में डूबने से 24 लोगों की मौत हुई । केरल के महाकवि कुमारन आसन का हादसे में निधन हुआ।

-19 मार्च 1980: कोच्चि के कन्नमली में एक स्थानीय चर्च के श्रद्धालुओं को ले जा रही नौका के डूब जाने से 30 लोगों की मौत हो गई।

-25 सितंबर 1983: एर्णाकुलम जिले में वल्लरपडम के गिरजाघर की एक दावत से लौटने के दौरान एक नाव के हादसे का शिकार होने से 18 लोगों की मौत हो गई।

-27 जुलाई 2002: केरल जल परिवहन विभाग की खचाखच भरी ए53 नौका के कोट्टयम जिले में कुमारकोम के पास वेम्बनाड झील में पलट जाने से 29 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 15 महिलाएं और एक नौ महीने का नवजात शामिल था। इसके अलावा मृतकों में लोकसेवा आयोग की परीक्षा देने के लिए कोट्टयम जा रहे कई अभ्यर्थी भी शामिल थे।

-30 अगस्त 2004: कोल्लम के अपतटीय क्षेत्र में सात नौका कर्मी डूबे।

-दो जनवरी 2005: वेम्बनाड झील में एक अरब के शख्स समेत चार व्यक्ति डूबे।

-20 फवरी 2007: एर्णाकुलम जिले में पेरियार नदी के पास थत्तेकड़ में एक नौका के पलट जाने से 14 स्कूली बच्चों और तीन शिक्षकों की मौत हो गई। वे स्कूल पिकनिक पर निकले थे। बाद में यह पता चला था कि नौका पर 61 लोग सवार थे, जबकि उसकी अधिकतम क्षमता छह लोगों की थी।

-30 सितंबर 2009: डबल-डेकर यात्रा नाव ‘जलकन्याका’ के मुल्लापेरियार जलाशय के सबसे गहरे हिस्सों में से एक में पलट जाने से 45 सैलानियों की मौत हो गई थी। नौका पर 80 से ज्यादा यात्री सवार थे, जबकि नाव की क्षमता 75 लोगों की थी।

-12 दिसंबर 2011: केरल के अलाप्पुझा जिले के कुथियाथोडू में एक नौका पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई।

-26 जनवरी 2013: अलाप्पुझा के पुन्नक्कड इलाके में एक यात्री नाव के पलट जाने से चार लोगों की मौत।

-11 जून 2013: अलाप्पुझा के पुन्नक्कड इलाके में एक ‘शिकारा’ के पलटने से दो लोगों की मौत।

-सात मई: मालप्पुरम जिले के तानुर इलाके में थूवलथीरम तट के निकट एक डबल-डेकर नौका पलटने से महिलाओं और बच्चों समेत 22 लोगों की मौत हो गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)