देश की खबरें | चिटफंड घोटाला: पंजाब सरकार पर्ल ग्रुप की संपत्तियां बेचकर निवेशकों का पैसा लौटायेगी

चंडीगढ़, 29 जून पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार ने पर्ल ग्रुप की संपत्तियां जब्त करने और उन्हें बेचने की प्रक्रिया शुरू दी है ताकि इस चिटफंड कंपनी की कथित ठगी के शिकार लोगों के नुकसान की भरपाई की जा सके।

मान ने यहां जारी एक बयान में कहा कि राज्य सरकार पंजाब के लोगों से लूटी गई एक-एक पाई को वसूलेगी।

उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में पर्ल ग्रुप की संपत्तियों की पहचान कर ली गयी है तथा उसे अधिग्रहीत करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गयी है।

उन्होंने कहा, ‘‘ राजस्व रिकार्ड में लाल प्रविष्टियां दर्ज की गयी हैं ताकि कोई भी उन संपत्तियों को खरीद या बेच नहीं सके।’’

पर्ल ग्रुप ने विभिन्न निवेश योजनाएं अवैध रूप से चलाकर पंजाब समेत देश के विभिन्न हिस्सों में कई लोगों को कथित रूप से ठगा था।

सत्ता में आने से पहले मान ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि आप सरकार बनने के बाद उन लोगों की मेहनत की गाढी कमाई चिटफंड कंपनियों की संपत्तियां जब्तकर लौटायी जाएंगी जो पोंजी घोटाले के शिकार हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ग्रुप ने राज्य के लोगों को ठगा है जिसके लिए उसे जवाबदेह बनाया जाएगा।

मान ने कहा कि प्रक्रिया की पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजस्व रिकार्ड की पहले ही जांच की जा चुकी है तथा तथा इस काम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गयी है ताकि सरकार इन संपत्तियों को कुर्क कर सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)