गुरुग्राम, 18 सितंबर हरियाणा के गुरुग्राम में बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के चंगुल से पांच वर्षीय एक बच्चे को भी बचाया है। इस बच्चे का मंगलवार को अपहरण किया गया था।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम को बेहरामपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि जब उसका पांच वर्षीय बेटा खेल रहा था उस दौरान एक अज्ञात महिला उसे उठाकर ले गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की दो विशेष टीम गठित की गईं।
पुलिस ने मंगलवार देर रात सेक्टर 52 इलाके से दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान वर्षा (27), आशा उर्फ सपना (23) और उसके पति मुकुल (27) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया, "पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि दोनों महिलाएं मंगलवार को बच्चे का अपहरण करने के लिए बेहरामपुर गांव आई थीं। जब बच्चा सड़क पर खेल रहा था उस दौरान वर्षा ने उसका अपहरण किया। वह बच्चे को घाटा गांव ले आई, जहां मुकुल और सपना बच्चे को अपने किराए के कमरे में ले आए। उन्होंने बच्चे को बिहार ले जाने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे बचा लिया।"
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने बच्चे को सड़कों पर भीख मांगवाने के लिए अगवा किया था।
उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY