कोलकाता/भुवनेश्वर/रांची/गुवाहाटी, 23 अगस्त ‘चंद्रयान-3’ की सफलता से प्रसन्न पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए देश के वैज्ञानिक समुदाय की प्रशंसा की वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इसे ‘‘ऐतिहासिक दिन’’ बताया।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सफलता पर कहा, ‘‘अद्भुत, अविस्मरणीय। गुवाहाटी स्थित एक विद्यालय में चंद्रयान के चांद पर लैंडिंग का सीधा प्रसारण देख रहे असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘मानवता की एक और बड़ी छलांग।’’
उन्होंने यह टिप्पणी अंतरिक्षयात्री नील आर्मस्ट्रांग के 1969 में चांद पर कदम रखने वाले पहले इंसान बनने के बाद दिए मशहूर वक्तव्य के संदर्भ में की।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस लैंडर मॉड्यूल की ‘सॉफ्ट लैंडिग’ कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ।
ममता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘चंद्रयान-3 की जय हो। इसकी शानदार सफलता की जय हो...इसरो की जय हो। चंद्रमा पर सफलतापूर्वक अन्वेषण अभियान भेजने में हमारे देश की शानदार उपलब्धि की जय हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत अब अंतरिक्ष की सुपर लीग में है। अभियान के सभी गौरवान्वित पक्षकारों को हार्दिक बधाई। आइए हम इस गौरवशाली क्षण का जश्न मनाए और ज्ञान एवं अनुप्रयोगों के अग्रिम क्षेत्रों में भारत की और प्रगति के लिए प्रार्थना करें। जय भारत, जय हिंद।’’
गुवाहाटी के आजारा में राजधर बोरा हाई स्कूल के छात्रों के साथ लैंडिंग का प्रसारण देख रहे शर्मा ने इसे ‘‘मानवता की एक और बड़ी छलांग’’ बताया।
चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग पर पूरे वैज्ञानिक समुदाय को बधाई देते हुए पटनायक ने कहा कि यह ‘‘ऐतिहासिक’’ है।
पटनायक ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव के समीप सफलतापूर्वक उतरने वाला पहला अंतरिक्ष यान बन गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे खगोलीय पड़ोसी के अज्ञात हिस्से पर लैंडिंग करना भारतीय विज्ञान के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि तथा मानव जाति के लिए बड़ी छलांग है। इसरो के वैज्ञानिकों तथा इस सुनियोजित चंद्र मिशन का हिस्सा रहे पूरे वैज्ञानिक समुदाय को बधाई।’’
चंद्रयान-3 से जुड़े वैज्ञानिकों के दल में असम से दो वैज्ञानिक -35 वर्षीय निधि शर्मा और चयन दत्ता भी शामिल हैं।
झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अद्भुत, अविस्मरणीय। तिरंगे की आन-बान और शान चंद्रमा पर पहुंच गया। देश के हमारे महान वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत, दृढ़ता और लगन की बदौलत चंद्रयान-3 आज चंद्रमा पर उतर गया। अंतरिक्ष महाशक्ति के रूप में देश एक बार फिर पुरजोर तरीके से स्थापित हो गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर इसरो की पूरी टीम सहित समस्त देशवासियों को बधाई और जोहार।’’
झारखंड के शीर्ष प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा कई विद्यालयों ने इस मिशन का सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की थी ताकि भावी वैज्ञानिकों में अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए उत्साह जगाया जाए।
अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उज्जयंत महल के सामने राष्ट्रध्वज फहराते हुए ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
साहा ने कहा, ‘‘आज जश्न का दिन है क्योंकि भारत चांद पर पहुंच गया है...मैं चंद्रयान-3 के रोवर की सफल लैंडिंग के वास्ते वैज्ञानिकों को प्रेरित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देता हूं। त्रिपुरा के 40 लाख लोगों की ओर से, मैं इसे संभव बनाने के लिए इसरो के वैज्ञानिकों का भी आभार व्यक्त करता हूं।’’
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि सफल लैंडिंग भारत की अंतरिक्ष शक्ति के लिए एक उल्लेखनीय कदम है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चंद्रमा की सतह को सफलतापूर्वक छूआ। चंद्रयान की सफल लैंडिंग भारत की अंतरिक्ष शक्ति के लिए एक उल्लेखनीय कदम है। इस अभियान को साकार करने में इसरो के समर्पण और विशेषज्ञता के लिए उसे बधाई। देश के लिए गर्व का क्षण।’’
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘मुझे चंद्रयान-3 की उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह अविश्वसनीय उपलब्धि ब्रह्मांड में भारत की शानदार यात्रा में एक और मील का पत्थर है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY