देश की खबरें | पूर्व, पूर्वोत्तर के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

पटना/गुवाहाटी/भुवनेश्वर, 17 सितंबर पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 73वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देने वालों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह शामिल थे।

कुमार ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देता हूं और उनकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

पटनायक ने पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।’’

शर्मा ने भगवद्गीता के एक श्लोक का उल्लेख कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री की अतुलनीय यात्रा का उत्सव मना रहा हूं, जिनकी दृढ़ प्रतिबद्धता हमारे देश को अभूतपूर्व विकास के पथ पर ले जा रही है।’’

असम के मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘इस विशेष दिन, हम आपके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए तहे दिल से सम्मान और प्रशंसा करते हैं। आप ज्ञान, उत्साह और करुणा के साथ नेतृत्व करते रहें।’’

सोरेन ने भी प्रधानमंत्री को बधाई और उनकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की।

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मोदी के जन्मदिन पर अपने संदेश में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री देश को उज्ज्वल और अधिक समृद्ध भविष्य की ओर ले जाते रहेंगे।

तमांग ने पोस्ट किया, ‘‘इस खास दिन, मैं सिक्किम के लोगों की ओर से आपको हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं। आपके नेतृत्व ने हमारे राष्ट्र की नियति को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हमारे देश की बेहतरी के लिए आपका समर्पण वास्तव में सराहनीय है।’’

मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे राष्ट्र की सेवा के प्रति आपका दृढ़ समर्पण और आपके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के इतिहास के पन्नों पर एक अमिट छाप छोड़ी है। हम अपने देश को मजबूत और अधिक समृद्ध बनाने के हमारे साझा मिशन में आपके अटूट समर्थन और मार्गदर्शन के लिए आभारी हैं।’’

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री के अनुकरणीय नेतृत्व में दुनिया के सामने एक उदाहरण स्थापित कर रहा है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने कहा कि मोदी के ओजस्वी व्यक्तित्व को दुनिया भर में सराहा जा रहा है और वह अपनी दूरदर्शिता, गहरे मूल्यों और विनम्रता के लिए लोगों द्वारा प्रशंसित प्रेरक नेता बने हुए हैं।

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र की सेवा में लंबे और समृद्ध जीवन की कामना की। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रगति, विश्वास और संस्कृति के पुनरुत्थान के प्रतीक बन गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)