देश की खबरें | मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चों का कुशलक्षेम जाना

लखनऊ, 28 मार्च उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां लोक बंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल पहुंचकर निर्वाण राजकीय बाल गृह के बीमार बच्चों से उनका कुशलक्षेम जाना और अधिकारियों को उनके उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

अधिकारियों के अनुसार एक राजकीय बाल गृह में हाल में संभवत: दूषित पानी पीने से चार दिव्यांग बच्चों की मौत हो गयी और 12 से अधिक बीमार हो गये।

अधिकारियों के अनुसार, ‘‘मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे लोक बंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में भर्ती बच्चों से मिलने पहुंचे। उन्होंने बच्चों से उनका हालचाल जाना, उनकी तबीयत के बारे में पूछा।’’

मुख्यमंत्री ने एक बच्चे से पूछा कि तबीयत ठीक है, फिर यह भी पूछा कि पहचान रहे हो, बच्चे ने दोनों हाथ उठाकर अपनी सहमति जतायी।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बारी-बारी से बच्चों के बिस्तर के पास गये और गंभीर स्थिति में दिख रहे बच्‍चों के बारे में चिकित्सकों से भी जानकारी प्राप्त की।’’

जब मुख्यमंत्री एक बच्चे के बिस्तर के पास पहुंचे तो उसे मुस्कुराते देखा गया। मुख्यमंत्री योगी ने बच्चे से कहा कि बैठ जाओ जिसके बाद वह बैठ गया। मुख्यमंत्री ने उसका नाम पूछा और प्रोत्साहित किया।

इसके बाद मुख्‍यमंत्री ने बच्‍चों के उपचार में लगे चिकित्सकों की टीम से भी बातचीत की। योगी के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों तथा अधिकारियों को बच्चों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए और उनके स्वास्थ्य के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के लिए भी कहा।

मुख्‍यमंत्री ने कहा, ‘‘बच्चों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद ही उन्हें छुट्टी दी जाए।’’

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि बाल गृह के 16 बच्चों को बृहस्पतिवार को वार्ड नंबर-30 के सामान्य पुरुष वार्ड में भर्ती कराया गया था। सभी की हालत सामान्य है। उनकी नियमित निगरानी की जा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)