बेंगलुरु, 29 जुलाई बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेस-वे पर हादसों की बढ़ती संख्या के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि वह केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ मुलाकात करेंगे और एक्सप्रेस वे की खामियों एवं उसमें सुधार की मांग करेंगे।
सिद्धरमैया ने मांड्या जिले में एक्सप्रेसवे के दुर्घटनाग्रस्त संभावित हिस्से का निरीक्षण करने के बाद आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने उद्घाटन की जल्दबाजी में खामियों को नजरअंदाज कर दिया जिसकी वजह से हादसे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली जा रहा हूं और मैं गडकरी से मिलकर एक्सप्रेस वे की खामियों को दूर करने की मांग करूंगा। सर्विस रोड में सुधार करने के लिए 150.81 करोड़ रुपये का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है।’’
सिद्धरमैया ने बताया कि इससे जुड़ा काम इस साल नवंबर में शुरू होगा।
अधूरी परियोजनाओं पर भी कथित टोल संग्रह के सवाल पर सिद्धरमैया ने कहा कि राज्य सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है क्योंकि यह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किया जा रहा है।
हादसों के संबंध में उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव वंदिता शर्मा ने एनएचएआई अधिकारियों से मुलाकात की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY