नयी दिल्ली, तीन अगस्त शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ‘केंद्रशासित प्रदेश का मुख्यमंत्री पंजाब की सरकार चला रहा है’।
दिल्ली में सेवाओं से संबंधित ‘ दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक 2023’ विधेयक पर लोकसभा में चर्चा में शामिल होते हुए हरसिमरत ने कहा कि विपक्ष इस विधेयक पर इतना हंगामा कर रहा है, लेकिन इसमें कुछ भी नया नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस विधेयक में जो प्रावधान हैं, उन्हें तो पंजाब में पहले ही लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘एक केंद्रशासित प्रदेश का मुख्यमंत्री पंजाब की सरकार चला रहा है।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में पुलिस महानिदेशक, मुख्य सचिव सबकी नियुक्ति का निर्णय दिल्ली के मुख्यमंत्री करते हैं और पंजाब से राज्यसभा की सीटों में दिल्ली के लोगों को लाया जाता है।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि जब पंजाब बाढ़ में डूब रहा था तो वहां के हेलीकॉप्टर और मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी के संयोजक की सेवा में लगे थे।
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल अब दिल्ली और पंजाब में सत्तारूढ़ पार्टी के साथ आ गया है और यह सच सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास कौन नहीं जानता। हरसिमरत ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब के टुकड़े-टुकड़े कर दिये, वहां कई साल तक राष्ट्रपति शासन लगाया।
उन्होंने भाजपा नीत केंद्र सरकार को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि वह सिखों के धार्मिक अधिकारों में हस्तक्षेप कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY