भिवानी,19 अप्रैल राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की प्रवेश परीक्षा में पहले ही प्रयास में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हरियाणा के चरखी दादरी के गांव चंदेनी निवासी अनुराग सांगवान के परिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फोन पर बधाई दी और हरियाणा सरकार द्वारा भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया।
चरखी दादरी के रहने वाले अनुराग सांगवान ने एनडीए में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अनुराग के परिवार से फोन पर बात कर बधाई दी और भविष्य में अनुराग को किसी भी सहयोग के लिए हरियाणा सरकार द्वारा हमेशा मदद करने की बात कही।
हरियाणा के पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान ने अपने गांव के किशोर के एनडीए प्रवेश परीक्षा में अव्वल रहने पर खुशी जताई।
अनुराग का परिवार फिलहाल गुरुग्राम में रहता है और उनके पिता मानेसर में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
अनुराग के पिता ने बताया कि उसने अपने स्तर पर परीक्षा की तैयारी की और वह एनडीए से संबंधित विषयों की पढ़ाई ऑनलाइन करता था। उन्होंने बताया कि इससे पहले उसने आईआईएससी बेंगलुरु की प्रवेश परीक्षा भी दी थी, जिसमें उसका 25वां स्थान आया था।
गांव चंदेनी के लोगों ने अनुराग व उसके परिवार को 20 अप्रैल को सम्मानित करने का फैसला किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY