देश की खबरें | चंडीगढ़: संगीत कार्यक्रम के दौरान हमले में घायल हुए पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र की मौत

चंडीगढ़, 29 मार्च पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) के साउथ कैंपस परिसर में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा चाकू से किये गये हमले में घायल चार छात्रों में से एक छात्र की शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की प्रस्तुति के दौरान हुई।

इसने बताया कि मृतक की पहचान ‘यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी’ में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष के छात्र आदित्य ठाकुर (22) के रूप में हुई है।

इस बीच, छात्र की मौत के बाद पंजाब विश्वविद्यालय के कई छात्रों ने पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

उन्होंने छात्रों पर हमला करने के लिए कुछ बाहरी लोगों को जिम्मेदार ठहराया।

पुलिस ने कहा कि इस घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि संगीत कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्रों पर चाकू से हमला किया गया था। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन पर हमला क्यों किया गया और हमलावर कौन थे।

अधिकारियों ने बताया कि ठाकुर को स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ले जाया गया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि अन्य तीन छात्रों का यहां सेक्टर-16 में स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)