जरुरी जानकारी | केंद्र ने पंजाब में 60.63 लाख टन धान खरीदा, किसानों को किया 12,200 करोड़ रुपये का भुगतान

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर केंद्र ने मंगलवार को कहा कि उसने पंजाब में अबतक 60.63 लाख टन धान खरीदा है और 28 अक्टूबर तक राज्य के किसानों को 12,200 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘28 अक्टूबर 2024 तक, मंडियों में कुल 65.75 लाख टन धान की आवक हुई है, जिसमें से 60.63 लाख टन राज्य एजेंसियों और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा खरीदा गया है।’’

इसमें कहा गया है कि पंजाब के किसानों को 28 अक्टूबर तक सीधे बैंक खातों में 12,200 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

खरीफ विपणन सत्र (केएमएस) 2024-25 में धान की खरीद एक अक्टूबर, 2024 को शुरू हुई और धान की सुचारू खरीद के लिए पूरे पंजाब में 1,000 अस्थायी यार्ड सहित 2,927 नामित मंडियां खोली गई हैं।

केंद्र ने इस आगामी केएमएस 2024-25 के लिए 185 लाख टन का अनुमानित लक्ष्य तय किया है।

धान की खरीद 2,320 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर की जा रही है, जैसा कि केएमएस 2024-25 के लिए ग्रेड 'ए' धान के लिए केंद्र द्वारा तय किया गया है।

राज्य में अबतक कुल धान की खरीद 14,066 करोड़ रुपये की हुई है और इससे 3,51,906 किसान लाभान्वित हुए हैं।

इसके अलावा, 4,145 मिल मालिकों ने धान की छिलका उतारने के लिए आवेदन किया है और वे मंडियों से धान उठा रहे हैं।

केंद्र ने कहा, ‘‘इसलिए, राज्य नवंबर के अंत तक 185 लाख टन धान का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)