देश की खबरें | केंद्र सरकार किसानों की मांगों को गंभीरता से ले: कंडेला

जींद, 26 मार्च सर्वजातीय खाप पंचायतों के राष्ट्रीय संयोजक टेकराम कंडेला ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर जल्द समाधान करना चाहिए।

उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि अगर आंदोलन इसी तरह चलता रहा तो जनक्रांति हो सकती है।

कंडेला ने कहा कि आज पूरे देश के किसानों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी है, आए दिन किसान हालातों से तंग आकर आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन सरकार को किसानों की मजबूरी दिखाई ही नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि आज देश का किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर है और पिछले चार महीने से ज्यादा समय से लाखों किसान शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं।

कंडेला ने कहा कि अब किसान पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने दावा किया कि संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर बुलाया गया ‘भारत बंद’ पूर्णत: कामयाब रहा है।

कंडेला ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह संयुक्त किसान मोर्चे के नेताओं के साथ बैठक करे, न्यूनतम समर्थन मूल्य की गांरटी के लिए कानून बनाए और तीनों नए कृषि कानूनों को वापस ले।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)