नयी दिल्ली, 17 मार्च नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक सांसद ने सोमवार को केंद्र पर जम्मू कश्मीर के शोपियां और पहलगाम जैसे क्षेत्रों में जनता की इच्छा के बिना रेल लाइन के लिए सर्वे करने और अपने निर्णय थोपने का आरोप लगाया।
आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने लोकसभा में रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए आरोप लगाया कि शोपियां में जनता ने मांग नहीं की है, फिर भी रेल लाइन का सर्वे कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "रेलवे के सर्वे के नाम पर कश्मीर में बागान बर्बाद किए जा रहे हैं।"
मेहदी के मुताबिक शोपियां और पहलगाम की जनता की रेल लाइन की कोई मांग नहीं है।
उन्होंने कहा, "आप हम पर अपने निर्णय क्यों थोप रहे हैं। क्या हमारी जमीन छीनने के इरादे से तो ऐसा नहीं किया जा रहा। आप हमें सड़कों पर लाना चाहते हैं।"
नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद ने कश्मीर तक सीधी रेल सेवा की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की चर्चा है कि दिल्ली से श्रीनगर तक सीधी ट्रेन नहीं चलाई जाएगी और बीच में यात्रियों को सामान सहित उतारकर दूसरी ट्रेन में बैठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इसके लिए शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे तापमान होने की वजह बताई जा रही है।
मेहदी ने कहा कि कश्मीर में शून्य से नीचे तापमान तो केवल दो महीने होता है तो बाकी दस महीने कश्मीर के लोग तकलीफ क्यों भुगतें?
उन्होंने यह भी कहा कि अगर तापमान वाला कारण नहीं है तो "अन्य वजह क्या है, क्या इसलिए ऐसा किया जा रहा है क्योंकि हम कश्मीरी हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY