कोहिमा, 25 अक्टूबर नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने कहा है कि नगा राजनीतिक मुद्दे को सुलझाने के वास्ते केंद्र कड़ी मेहनत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समस्या के जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया है।
राज्य की दो विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले कोहिमा जिले में रियो ने शनिवार रात को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, '' नगा राजनीतिक मुद्दे का हल निकालने के लिए केंद्र सरकार कड़ी मेहनत कर रही है। नगा लोग भी एक स्थायी हल के माध्यम से शांति एवं एकता चाहते हैं ताकि हम विकास कर सकें और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हो सकें।''
रियो ने राज्यपाल आरएन रवि द्वारा एक हालिया पत्र में नगा राजनीतिक समस्या को कानून एवं व्यवस्था का मुद्दा करार देने और नगा नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं को ''असामाजिक तत्व'' बताए जाने के बयान की कड़ी आलोचना भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगा मुद्दे का हल निकालने के मद्देनजर राज्य सरकार नगा समूहों से कई बार चर्चा कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि एनएससीएन (आईएम) की ओर से की जा रही अलग झंडे और संविधान की मांग के अलावा बातचीत लगभग ''अंतिम चरण'' में है।
रियो ने कहा, '' नगा लोगों के लिए एक अलग झंडे की अनुमति दिए जाने के संबंध में केंद्र सरकार संवैधानिक तौर पर रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है।''
''नगा संविधान'' को लेकर उन्होंने कहा कि संविधान की धारा 371 (ए) विशेष प्रावधान प्रदान करती है लेकिन नगाओं के लिए एक अलग संविधान तैयार करने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY