देश की खबरें | सीबीआई ने रिश्वत मामले में दो आयकर अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया

नयी दिल्ली, 30 मई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने किताबों की दुकान के मालिक से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में दो आयकर अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एजेंसी ने कथित रिश्वत के मामले में आयकर विभाग की जांच इकाई के अधिकारी मुकेश कुमार और अन्य निरीक्षक अनूप कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

प्राथमिकी में सीबीआई ने आरोप लगाया है कि अधिकारी शिकायतकर्ता नीरज बट्टा के लक्ष्मी नगर (पूर्वी दिल्ली) स्थित आवास गए और उसे अपने वाहन से दरियागंज स्थित कार्यालय लाकर मेड इजी समूह की कंपनियों के साथ कारोबार के बारे में पूछताछ की। सीबीआई के मुताबिक नीरज बट्टा बुक्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की दुकान चलाते हैं।

प्राथमिकी के मुताबिक मुकेश कुमार ने कथित तौर पर ‘‘ शिकायतकर्ता और उसके परिवार को गिरफ्तारी, तलाशी आदि’’ से बचाने के एवज में 10 लाख रुपये की घूस की मांग की लेकिन मामला पांच लाख रुपये पर तय हुआ।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया, ‘‘शिकायतकर्ता ने दबाव में पांच लाख रुपये की व्यवस्था की और उसे अखबार में लपेट दिया। आरोपी अधिकारियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने बताई गई राशि उनकी उपस्थिति में उनके द्वारा लाए गए झोले में रख दी।’’

प्राथमिकी के मुताबिक अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से अतिरिक्त 50 हजार रुपये की मांग यह कहते हुए की कि पांच लाख की राशि उनके वरिष्ठ अधिकारियों के लिए है।

सीबीआई के मुताबिक उनकी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसे एजेंसी ने सत्यापन के लिए अपने कब्जे में ले लिया।

प्राथमिकी में कहा गया, ‘‘ प्राप्त सीसीटीवी फुटेज सहित शिकायत के सत्यापन के दौरान प्रथम दृष्टया प्रतीत हुआ कि 13 मई 2023 को दर्ज कथित रिश्वत मांगने और स्वीकार करने की शिकायत सही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)