जरुरी जानकारी | सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस का शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में 68 प्रतिशत घटा

नयी दिल्ली, 28 जनवरी सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस का दिसंबर, 2024 को समाप्त तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 237.85 करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बंद परिचालन के समायोजित लाभ को जोड़ने की वजह से समीक्षाधीन तिमाही में उसका मुनाफा घटा है।

पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 747.67 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि बंद परिचालन से 551.07 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ, एक साल पहले इसी तिमाही में इसकी एकीकृत आमदनी में जुड़ गया है।

हालांकि, बंद परिचालन के मुनाफे को यदि नहीं जोड़ा जाए, तो समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का लाभ 21 प्रतिशत बढ़ा है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में यह 237.85 करोड़ रुपये रहा है, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह (बंद परिचालन के मुनाफे को हटाने के बाद) 196.60 करोड़ रुपये रहा था।

दिसंबर तिमाही में कंपनी की कुल आमदनी बढ़कर 2,549.28 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 2,006.79 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने पश्चिमी भारत में 712 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 45,000 मेगावाट प्रति वर्ष (एमवीए) क्षमता की एक ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई स्थापित करने को मंजूरी दे दी है।

परियोजना को मुख्य रूप से आंतरिक स्रोतों, इक्विटी या ऋण या इसके संयोजन के माध्यम से वित्तपोषित किया जाएगा और इसके वित्त वर्ष 2027-28 में पूरा होने की उम्मीद है।

निदेशक मंडल ने मैमन चाली को एक गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)