नयी दिल्ली, सात मई केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय तापविद्युत निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) के निलंबित कॉरपोरेट संचार प्रबंधक विजय कुमार की आवाज के नमूने एकत्र कर लिए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विजय कुमार को एक विज्ञापन कंपनी से आठ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई ने पूछताछ के दौरान एकत्र किए गए टेलीफोन ‘इंटरसेप्ट’ और अन्य सबूतों से मिलान करने के लिए कुमार की आवाज के नमूने लिए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि विज्ञापन कंपनी वेंचर्स एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ हुई कुमार की बातचीत और कॉल से उनका सामना कराने के लिए उनके फोन की ‘फॉरेंसिक इमेजिंग’ भी की गई है। कुमार पर आरोप है कि उन्होंने कंपनी के लंबित बिलों को मंजूरी देने के लिए रिश्वत की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि अगर कुमार के फोन के विश्लेषण से रिश्वतखोरी के अन्य मामलों के प्रथम दृष्टया सबूत मिलते हैं तो एजेंसी आगे भी मामले दर्ज कर सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि कुमार को मुंबई की एक विशेष अदालत ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वेंचर्स एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड के उपाध्यक्ष रूपेश पाटिल ने कुमार के खिलाफ शिकायत के साथ सीबीआई से संपर्क किया था कि उन्होंने अंडमान निकोबार और पांडिचेरी में जनवरी-फरवरी, 2024 में स्थापित सेल्फी बूथों के बिल को पास करने के लिए कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी।
आरोप है कि कुमार ने शुरू में छह लाख रुपये की रिश्वत की मांग की, लेकिन बाद में बढ़ाकर इसे नौ लाख रुपये कर दिया। बाद में उन्होंने बातचीत के बाद इसे घटाकर आठ लाख रुपये कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद, सीबीआई ने जाल बिछाया जिसमें रिश्वत लेने के लिए मुंबई गए कुमार को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY