तूतीकोरीन (तमिलनाडु), एक जुलाई तमिलनाडु के तूतीकोरीन में कथित रूप से पुलिस द्वारा पीटे जाने के बाद हुई पिता-पुत्र की मौत के मामले की सीबी-सीआईडी जांच बुधवार को शुरू हो गई।
तूतीकोरीन में पी जयराज और उनके बेटे बेनिक्स को लॉकडाउन नियमों का 'उल्लंघन' कर तय समय से अधिक वक्त तक अपनी मोबाइल की दुकान खोलने के लिये गिरफ्तार किया गया था। 23 जून को कोविलपट्टी में एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
यह भी पढ़े | हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान, राज्य में 27 जुलाई से खुलेंगे स्कूल- आदेश जारी.
जयराज और बेनिक्स के संबंधियों का आरोप है कि मौत से पहले सतंकुलम थाने के पुलिसकर्मियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा था।
मद्रास उच्च न्यायालय ने मंगलवार को जांच एजेंसी के तिरुनेलवेली के डीएसपी अनिल कुमार को इस मामले की तफ्तीश का निर्देश दिया था।
कुमार के नेतृत्व में सीबी-सीआईडी अधिकारियों ने मृतकों के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इसके अलावा उस इलाके में भी लोगों से पूछताछ की गई, जहां दोनों दुकान चलाते थे।
सीबी-सीआईडी के अधिकारी सतंकुलम थाने भी गए, जिसे उच्च न्यायालय के निर्देश पर राजस्व विभाग के तहत रखा गया है।
इस घटना को लेकर राष्ट्रव्यापी आक्रोश के बाद एक निरीक्षक और दो उप निरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया जबकि पूर्व एसपी को अनिवार्य प्रतीक्षा के लिये कहा गया है।
मद्रास उच्च न्यायालय ने मामले की सीबी-सीआईडी जांच कराने का निर्देश दिया था ।हालांकि राज्य सरकार इस मामले को सीबीआई के पास भेज चुकी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY