देश की खबरें | करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में छह कंपनियों एवं उनके मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज

नोएडा (उप्र), छह जून नोएडा की थाना सेक्टर 39 पुलिस ने उत्तर प्रदेश वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग में फर्जी तरीके से अपना पंजीकरण कराने और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करने के आरोप में छह कंपनियों एवं उनके मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि जीएसटी अधिकारी नरोत्तम सिंह की शिकायत पर थाना सेक्टर 39 पुलिस ने छह कंपनियों के मालिकों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि आरोप है कि इन लोगों ने जीएसटी में फर्जीवाड़ा करके अपनी कंपनियों का पंजीकरण कराया और फर्जी बिल बनाकर आईटीसी प्राप्त किया।

राज्य वस्तु एवं सेवा कर विभाग के संयुक्त आयुक्त मनोज विश्वकर्मा ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि नोएडा गाजियाबाद की कई कंपनियां जीएसटी विभाग में फर्जी तरीके से अपना पंजीकरण कराकर करोड़ों रुपए का आईटीसी हासिल कर रही हैं।’’

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर 23 अप्रैल को नोएडा की 22 कंपनियों की जांच की गई, जिनमें 18 कंपनियां ऐसी मिलीं, जिन्होंने फर्जी प्रपत्र के आधार पर अपना पंजीकरण कराया था।

उन्होंने बताया कि अभी कुछ और कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज होना बाकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)