बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश), 29 जून सोशल मीडिया मंच ट्विटर द्वारा भारत के नक्शे से जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख को बाहर दिखाए जाने से आहत एक वकील ने खुर्जा कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा नगर के रहने वाले वकील प्रवीण भाटी ने खुर्जा कोतवाली नगर थाने में मामला दर्ज कराया है, जिसमें उन्होंने ट्विटर के द्वारा भारत के मानचित्र से जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख को बाहर दिखाए जाने का जिक्र किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने कहा कि इस कृत्य से जनमानस की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसके खिलाफ ट्विटर के प्रबंध निदेशक मनीष माहेश्वरी व इंडिया हेड अमृता त्रिपाठी के खिलाफ नक्शे में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। प्रवीण भाटी उत्तर प्रदेश बजरंग दल के सह संयोजक भी हैं।
खुर्जा के सीओ सुरेश सिंह ने बताया कि प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) संबंधी नए नियमों के अनुपालन को लेकर भारत सरकार के साथ जारी गतिरोध के बीच ट्विटर की वेबसाइट भारत का विरूपित नक्शा दर्शा रही थी, जिसमें जम्मू कश्मीर और लद्दाख को एक अलग देश दिखाया गया था। भारी विरोध के बाद ट्विटर ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को भारत से बाहर दिखाने वाले विरूपित नक्शे को अपनी वेबसाइट से हटा लिया था।
यह पहला मौका नहीं था, जब ट्विटर ने भारत के नक्शे को गलत तरीके से पेश किया। इससे पहले भी उसने लेह को चीन का हिस्सा दिखाया था।
सं
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY