देश की खबरें | पुलिसकर्मियों से बहस को लेकर दिग्विजय के भतीजे पर मामला, कांग्रेस ने किया पलटवार

इंदौर(मप्र), 12 अक्टूबर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भतीजे और मध्यप्रदेश में मंत्री प्रह्लाद पटेल के बेटे द्वारा पुलिस के साथ कथित दुर्व्यवहार करने संबंधी दो वीडियो को लेकर शनिवार को भाजपा और विपक्षी पार्टी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।

पुलिस ने बताया कि गुना जिले के राघौगढ़ में सिंह के भतीजे आदित्य सिंह और उनके वाहन चालक पर सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। राघौगढ़, दिग्विजय सिंह का गृहनगर है।

सोशल मीडिया पर राघौगढ़ की घटना का कथित वीडियो प्रसारित हुआ जिसमें देखा जा सकता है कि आदित्य सिंह एक महिला पुलिस अधिकारी और अन्य सरकारी कर्मचारियों से बहस कर रहे हैं। इस दौरान दिग्विजय सिंह के भतीजे सिगरेट पीते भी नजर आ रहे हैं।

इस मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके भतीजे पर ‘‘एक छोटी सी’’ घटना के लिए मामला दर्ज किया गया है।

राज्यसभा सदस्य ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने इस मामले के बारे में पता लगाया है। यह एक बहुत छोटी-सी घटना है। वह (आदित्य) कहीं जा रहा था। प्रशासन ने सड़क पर एक नुक्कड़ नाटक आयोजित किया था जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। वहां पुलिसकर्मियों से उसका थोड़ा सा विवाद हुआ।’’

उन्होंने कहा,‘‘पुलिस अपना काम करेगी। इस बारे में हमें कुछ नहीं कहना है।’’

सिंह ने भोपाल के एक कारखाने से हाल ही में 1,814 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य का 907.09 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त होने पर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के काम-काज को लेकर सवाल भी उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी भोपाल में प्रदेश सरकार की नाक के नीचे यह कारखाना पकड़ा जाना "बहुत बड़ा कलंक" है।

सिंह ने हाल के कुछ घटनाक्रमों के हवाले से दावा किया कि सूबे में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक इस पार्टी की ‘‘अंदरूनी लड़ाई’’ के चलते अब खुलकर नाराजगी जता रहे हैं। उन्होंने कहा,‘‘जिन भाजपा विधायकों को राज्य सरकार में मंत्री पद नहीं मिला, वे नाराज हैं।’’

सिंह ने एक सवाल पर कहा,‘‘क्षत्रिय परिवारों में शस्त्र पूजन की परंपरा चली आ रही है। लेकिन अब मैं हमेशा क्षत्रियों से कहता हूं कि आज का सबसे बड़ा शस्त्र तलवार नहीं, बल्कि कलम है, इसलिए कलम की पूजा करो।’’

इस बीच, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि दिग्विजय सिंह ने अपने भतीजे के व्यवहार की निंदा करने के बजाय घटना को मामूली बताया है।

सिंह के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह परिहार ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल के बेटे प्रबल पटेल को जबलपुर के लेबर चौक रोड क्रॉसिंग पर पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई करते देखा जा सकता है।

परिहार ने ‘पीटीआई-’ के साथ बातचीत में सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पटेल अपने बेटे प्रबल के व्यवहार पर टिप्पणी करना चाहेंगे और क्या राज्य की भाजपा सरकार कार्रवाई करेगी?

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)