देश की खबरें | पलानीस्वामी पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में ए राजा के खिलाफ मामला दर्ज

चेन्नई, 28 मार्च तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी के खिलाफ अश्लील निजी टिप्पणी करने के आरोप में शहर पुलिस ने सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक की शिकायत पर द्रमुक सांसद ए राजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ग्रेटर चेन्नई पुलिस के आयुक्त महेश कुमार अग्रवाल ने यहां रविवार को पत्रकारों को बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को की गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह शिकायत पुलिस को भेजी गई थी।

अग्रवाल ने कहा, “ मामला भारतीय दंड संहिता और जन प्रतिनिधित्व कानून के तहत दर्ज किया गया है।”

उन्होंने इस बारे में और जानकारी नहीं दी।

इससे पहले, राजा ने चुनाव प्रचार के दौरान पलानीस्वामी के खिलाफ कथित रूप से अश्लील निजी टिप्पणी करके विवाद पैदा कर दिया था। इसके बाद अन्नाद्रमुक ने निर्वाचन आयोग का दरवाज़ा खटखटाया था और उससे छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में राजा को प्रचार करने से प्रतिबंधित करने की मांग की थी।

इस बीच अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ताओं ने सलेम और करूर जिलों में पूर्व दूरसंचार मंत्री राजा के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के गृह जिले सलेम में राजा का पुतला भी जलाया।

अन्नाद्रमुक की सहयोगी भाजपा ने भी राजा पर उनकी टिप्पणी के लिए हमला बोला है और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ‘द्रमुक को ऐसी राजनीतिक पार्टी बताया है जो महिलाओं का सम्मान नहीं करती है।”

द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन ने शनिवार को प्रचार के दौरान कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को शालीन टिप्पणियां करनी चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)