लोकसभा उपचुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने की आखिरी तिथि 20 अप्रैल है।
जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से इस साल जनवरी में निधन हो गया था।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन के उम्मीदवार सुखी ने मतदाताओं से विभाजनकारी राजनीति करने वाले लोगों को सबक सिखाने की अपील की और जोर देकर कहा कि शिअद-बसपा गठबंधन ही राज्य में प्रभावी बदलाव ला सकता है।
पर्चा दाखिल करने के दौरान शिअद नेता दलजीत सिंह चीमा और बसपा प्रदेश अध्यक्ष जसबीर सिंह गरही मौके पर मौजूद थे।
सुक्खी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस और मौजूदा आप शासन में जालंधर को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।
प्रदेश के बंगा से दो बार विधायक रह चुके सुक्खी ने आप सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महिलाओं को एक हजार रुपये दिए जाने का वादा अब तक सरकार ने पूरा नहीं किया है।
भाजपा उम्मीदवार इंदर इकबाल सिंह अटवाल ने जालंधर से पर्चा भरा। अटवाल ने हाल ही में शिअद छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के नेता परमिंदर सिंह ढींढसा मौजूद थे।
बाद में, एक सभा को संबोधित करते हुए, भाजपा के प्रदेश प्रमुख अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि आप सरकार राज्य में पूरी तरह से ‘‘विफल’’ रही है। उन्होंने कानून और व्यवस्था के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पंजाब में डर का माहौल है।’’
शर्मा ने अरोप लगाया, ‘‘कोई भी, चाहे वह व्यापारी हो, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता या राजनीतिक नेता हो, सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।’’ उन्होंने अमृतसर की उस घटना का जिक्र किया जिसमें भाजपा नेता बलविंदर गिल को 16 अप्रैल को एक अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी थी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब शांति और सौहार्द चाहता है।
शर्मा ने दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ आम आदमी पार्टी (आप) कहती है कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ है लेकिन जब दिल्ली में कार्रवाई की जाती है तो वह इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई कहती है।
आबकारी नीति मामले में सीबीआई ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल को तलब किया था।
शर्मा ने आगे कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही हैं जो पंजाब को प्रगति के पथ पर ला सकते हैं।
भाजपा नेता ने जालंधर उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांगे।
इस बीच, कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने जालंधर के विभिन्न हिस्सों में पार्टी उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी के लिए चुनाव प्रचार किया।
उन्होंने मतदाताओं से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को करारा जवाब देने की अपील की।
जालंधर संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 10 मई को होगा और मतगणना 13 मई को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY