जरुरी जानकारी | पंजाब में मालगाड़ियों के रद्द होने से यूरिया की कमी, गेहूं, सब्जियों की बुवाई प्रभावित

चंडीगढ़, एक नवंबर पंजाब में मालगाड़ियों के रद्द होने से गेहूं और सब्जियों की फसलों के लिए यूरिया की भारी कमी हो गई है, और राज्य सरकार के अधिकारियों का कहना है कि इस वजह से रबी फसल की बुवाई प्रभावित हो सकती है।

किसानों को रबी फसलों की बुवाई के लिए यूरिया और डीएपी (डायमोनियम फॉस्फेट) की जरूरत होती है।

यह भी पढ़े | Unlock 6.0 Guidelines: दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, शादी समारोहों में अधिकतम 200 लोगों हो सकते हैं शामिल.

कृषि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा, ‘‘राज्य में यूरिया की कमी है।’’

अधिकारियों के अनुसार पंजाब में रबी सत्र के लिए 14.50 लाख टन यूरिया की जरूरत है, लेकिन राज्य में केवल 75,000 टन यूरिया ही उपलब्ध है।

यह भी पढ़े | Corona Update India: भारत में कोविड के 47 हजार नए मामले, कुल आंकड़े 81.8 लाख हुए.

उन्होंने कहा कि चार लाख टन यूरिया की खेप अक्टूबर में आने वाली थी, लेकिन केवल एक लाख टन ही पहुंची।

नवंबर के लिए राज्य में चार लाख टन यूरिया का आवंटन किया गया है। गेहूं की बुवाई का सत्र नवंबर में शुरू होगा। रबी सत्र के दौरान राज्य में लगभग 35 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बुवाई होने की उम्मीद है।

पंजाब को गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से रेलगाड़ियों के माध्यम से यूरिया की आपूर्ति होती है।

केंद्र के नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने कुछ रेल पटरियों को बाधित कर दिया है, जिसके मद्देनजर रेलवे ने पंजाब में मालगाड़ी सेवाओं को निलंबित कर दिया।

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने माल ढुलाई सेवाओं को बहाल करने के लिए रेल मंत्री पीयूष गोयल से हस्तक्षेप करने के लिए कहा था, जिस पर गोयल ने पंजाब सरकार से रेलगाड़ियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा का आश्वासन मांगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)