विदेश की खबरें | कनाडा: वाटरलू विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और दो छात्रों पर चाकू से हमला, एक संदिग्ध हिरासत में
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

टोरंटो, 29 जून (एपी) कनाडा के वाटरलू विश्वविद्यालय में एक कक्षा में एक प्रोफेसर और दो छात्रों पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हमला विश्वविद्यालय में ‘लैंगिक अध्ययन’ की कक्षा में किया गया। हमले का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों में से किसी की जान को कोई खतरा नहीं है। जांचकर्ता संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ कर रहे हैं।

वाटरलू क्षेत्रीय पुलिस सेवा अधीक्षक शाएना मॉरिस ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ परिसर या उसके बाहर जन सुरक्षा को अब कोई खतरा नहीं है।’’

विश्वविद्यालय के संचार विभाग के एसोसिएट उपाध्यक्ष निक मैनिंग ने संदिग्ध की पहचान ‘‘विश्वविद्यालय समुदाय’’ के सदस्य के तौर पर की, हालांकि उसके छात्र होने की पुष्टि करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि दो छात्रों और एक प्रोफेसर पर चाकू से हमला किया गया।

मैनिंग ने बताया कि हमला ‘फिलॉसफी 202’ में हुआ। विश्वविद्यालय की वेबसाइट के अनुसार, इसमें ‘लैंगिक अध्ययन’ की कक्षा संचालित होती है।

मैनिंग ने कहा, ‘‘ हम ऐसी घटना के यहां होने को लेकर काफी चिंतित हैं। यह स्तब्ध करने वाला है।’’

वाटरलू विश्वविद्यालय के छात्र युसूफ कयामक ने ‘सीटीवी न्यूज’ को बताया, ‘‘आरोपी अंदर आया और अध्यापक से पूछा कि क्या वह प्रोफेसर हैं, उन्होंने हां कहा तो उसने एक चाकू निकाला और उसके बाद हर कोई बाहर भागने लगा।’’

उसने कहा, ‘‘मैं बाहर भागा और जब हम बाहर गए तो एक छात्र पर चाकू से हमला किया गया। उसकी बांह से रक्त निकल रहा था। मुझे नहीं पता कि प्रोफेसर के साथ क्या हुआ।’’

कयामक ने बताया कि हमले के समय कक्षा में करीब 40 छात्र मौजूद थे।

विश्वविद्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘हेगी हॉल में बुधवार शाम की कक्षाएं रद्द कर दी गईं।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)