जयपुर, 11 नवंबर राजस्थान में विधानसभा की सात सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम थम गया। मतदान बुधवार को होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि झुंझुनू, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम छह बजे से थम गया है। मतदान 13 नवंबर को होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपचुनाव के लिए मतदान के अंतिम 48 घंटे के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पहले 'साइलेंस पीरियड' के दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थक केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर सकते हैं। प्रतिबंध की अवधि मतदान की तारीख 13 नवंबर को शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी।
वहीं पुलिस समेत विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों ने उपचुनाव के दौरान सात जिलों में अब तक कुल 126.24 करोड़ रुपये की नकद राशि एवं अवैध शराब सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चौरासी और सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
वहीं कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रामगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन जुबेर के समर्थन में विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY