देश की खबरें | गोवा में जी20 देशों के लेखा परीक्षा संस्थानों की तीन दिवसीय बैठक में कैग मुर्मू देंगे उद्घाटन भाषण

पणजी, 11 जून भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) गिरीश चंद्र मुर्मू गोवा के डोना पाउला में जी20 देशों के सर्वोच्च लेखापरीक्षा संस्थानों (एसएआई) के तीन दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को सोमवार को संबोधित करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि एसएआई 20 शिखर सम्मेलन 12 से 14 जून तक गोवा में होगा। कैग गिरीश चंद्र मुर्मू 12 जून को उद्घाटन भाषण देंगे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि मुर्मू भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत ‘एसएआई20 एंगेजमेंट ग्रुप’ के अध्यक्ष हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, इंडोनेशिया, कोरिया गणराज्य, रूस, सऊदी अरब, तुर्किये, बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, नाइजीरिया, ओमान, स्पेन, यूएई, मोरक्को और पोलैंड के एसएआई इसमें व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लेंगे।

प्रवक्ता के मुताबिक, जी20 के ‘एसएआई20 एंगेजमेंट ग्रुप’ की स्थापना 2022 में उस समय की गई थी, जब इंडोनेशिया जी20 की अध्यक्षता कर रहा था।

समूह की वेबसाइट के अनुसार, एसएआई20 का गठन सार्वजनिक प्रशासन की दक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता को बढ़ावा देने तथा सतत विकास लक्ष्यों का समर्थन करने में एसएआई की भूमिका के मद्देनजर किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)