देश की खबरें | कर चोरी,धनशोधन के आरोपों में आईटी, ईडी व सीबीआई के निशाने पर आए व्यवसायी हसन अली का निधन

मुंबई, 24 फरवरी स्विस बैंकों में अरबों डॉलर जमा करने के आरोपों के बाद आयकर विभाग, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निशाने पर आए पुणे के व्यवसायी हसन अली खान का हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया।

उनके वकील प्रशांत पाटिल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पाटिल ने बताया कि खान (71) की बृहस्पतिवार रात मौत हो गई और उनका शव शुक्रवार सुबह पुणे लाया गया।

ईडी ने खान को सात मार्च, 2011 को कथित धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुणे में 'स्टड फार्म' के मालिक खान ने 2015 में जमानत मिलने से पहले चार साल से अधिक जेल में बिताए।

खान जनवरी 2007 में आयकर विभाग द्वारा मुंबई और पुणे में उनके आवासों पर की गई छापेमारी को लेकर सुर्खियों में आए थे।

खान के परिसर में मिले दस्तावेजों में से एक में कथित तौर पर जानकारी मिली की 15 जनवरी, 2007 तक आठ अरब अमरीकी डालर (लगभग 36,000 करोड़ रुपये) उनके एक स्विस बैंक खाते से स्थानांतरित किए जाने वाले थे।

ईडी ने जब खान के खिलाफ मामला दर्ज किया तो उनके पास से करीब 26.30 लाख रुपये नकद जब्त किए। धन शोधन अधिनियम की विशेष रोकथाम अदालत ने पिछले साल खान के खिलाफ आरोप तय किए थे, लेकिन मुकदमा शुरू होना बाकी था।

वकील पाटिल ने कहा कि खान का मामला इस बात का उदाहरण है कि कैसे विशाल शक्तियों वाली केंद्रीय जांच एजेंसियां ​​एक निर्दोष व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर सकती हैं।

उन्होंने कहा, “अगर यह धन शोधन का मामला है तो पैसा कहां है।” उन्होंने कहा कि वह अदालत से मुकदमे को जारी रखने का अनुरोध करेगा ताकि खान को न्याय मिले।

खान के परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है।

जितेंद्र पवनेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)