नयी दिल्ली, एक फरवरी स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने अस्पतालों के मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करके और अधिक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की केंद्र की योजना की बृहस्पतिवार को प्रशंसा की और कहा कि यह कदम स्वास्थ्य के प्रति ‘समग्र प्रतिबद्धता’ को दर्शाता है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को 2024-25 के लिए अंतरिम बजट प्रस्तुत करते हुए घोषणा की कि सरकार की योजना विभिन्न विभागों के तहत मौजूदा अस्पताल अवसंरचना का इस्तेमाल करते हुए और अधिक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की है।
उन्होंने कहा कि इस विषय का अध्ययन करने के लिए एक समिति बनाई जाएगी जो इस बाबत सिफारिश करेगी।
सीतारमण ने यह घोषणा भी की है कि सरकार गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए 9 से 14 साल की आयुवर्ग की लड़कियों के लिए टीकाकरण को प्रोत्साहन देगी।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के सीईओ आदर पूनावाला ने सरकार की घोषणा का स्वागत करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) को रोकने और टीकाकरण तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प लें। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तक स्वास्थ्य कवरेज का विस्तार, अधिक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल योजनाओं को सुव्यवस्थित करना स्वास्थ्य के प्रति समग्र प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।’’
अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों ने कहा कि देश में और अधिक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना महत्वपूर्ण है।
सीतारमण ने अपने भाषण में कहा कि कई युवाओं की आकांक्षा डॉक्टर बनने की है और वे उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से लोगों की सेवा करना चाहते हैं।
भारत में विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ रोडेरिको एच ओफरिन ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों तक आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कवरेज का दायरा बढ़ाने की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये लोग जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के मोर्चे पर सबसे आगे रहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘डब्ल्यूएचओ सभी के लिए स्वास्थ्य और रोग उन्मूलन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में भारत सरकार का समर्थन करता रहेगा।’’
एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (भारत) के संस्थापक निदेशक डॉ गिरधर ज्ञानी, रीजेंसी अस्पताल के सीईओ अभिषेक कपूर, नयी दिल्ली स्थित इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर में मुख्य रणनीति अधिकारी सुगंध अहलूवालया और फोर्टिस हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक और सीईओ डॉ आशुतोष रघुवंशी ने भी वित्त मंत्री की स्वास्थ्य देखभाल संबंधी विभिन्न घोषणाओं का स्वागत किया
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY