देश की खबरें | तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता लौटेगी बीआरएस : केसीआर

हैदराबाद, 31 जनवरी तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर सालभर के अंदर ही अपनी विश्वसनीयता गंवाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि (उनकी पार्टी) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अगले विधानसभा चुनाव में सत्ता में लौटेगी।

हैदराबाद के निकट एर्रावल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राव ने कहा कि बीआरएस फरवरी के अंत में रैली करेगी जिसमें राज्य सरकार की कथित विफलताओं को उजागर किया जाएगा।

केसीआर के नाम से लोकप्रिय राव ने कहा, ‘‘शत प्रतिशत लोग इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि अगली सरकार हमारी होगी। इसमें कोई संदेह नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उसके (कांग्रेस सरकार) खिलाफ लड़ना होगा। हमने कई चुनाव देखे हैं। पार्टियां जीतती हैं और हारती हैं। कांग्रेस पार्टी ने अपने शासन के एक साल के भीतर ही अपनी विश्वसनीयता खो दी है।’’

केसीआर ने दावा किया कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष राज्य सरकार के राजस्व में 13,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई है और इस वित्त वर्ष के अंत तक इसमें गिरावट आने की उम्मीद है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि यह रूख जारी रहा तो राज्य सरकार ऐसी स्थिति में पहुंच जाएगी कि वह अगले तीन से चार महीनों में वेतन भी नहीं दे पाएगी।

राव ने कांग्रेस पर मुसलमानों को ‘वोट बैंक’ की तरह मानने का आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी ने कभी भी उनके लिए कोई अच्छा काम नहीं किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)