देश की खबरें | तमिलनाडु से चोरी हुई चोल रानी की कांस्य प्रतिमा वाशिंगटन के संग्रहालय में मिली

चेन्नई, 28 जुलाई तमिलनाडु के नागपट्टनम स्थित एक मंदिर से वर्ष 1929 में चोरी हुई चोल रानी सेमबियां महादेवी की करीब साढ़े तीन फीट की कांस्य प्रतिमा अमेरिका के वाशिंगटन स्थित ‘फ्रीर गैलरी ऑफ आर्ट’ संग्रहालय में मिली है।

पुलिस के प्रतिमा प्रकोष्ठ ने प्रतिमा का पता चलने के बाद उसे वापस लाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।

पुलिस महानिदेशक जयंत मुरली ने यहां बताया कि इस प्रतिमा को फ्रीर गैलरी ऑफ आर्ट ने 1929 में न्यूयॉर्क में हैगोप केवोरकियन नामक व्यक्ति से अज्ञात कीमत देकर खरीदा था। केवोरकियन की वर्ष 1962 में मौत हो गई थी।

उन्होंने बताया कि प्रतिमा कैसे वहां पहुंची और कितने में खरीदी गई यह अब भी जांच का विषय है।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि राजेंद्रन नामक व्यक्ति ने 2018 में वेलनकन्नी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसने 2015 में फ्रीर गैलरी ऑफ आर्ट के दौरे के दौरान सेमबियां महादेवी की प्रतिमा देखी है। उसने बताया कि उसने इसकी जानकारी नागपट्टनम से 25 किलोमीटर दूर सेमबियां महादेवी गांव के कैलाशनाथ स्वामी शिव मंदिर के लोगों को भी दी है।

बाद में इस मामले को पुलिस के प्रतिमा प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)