खेल की खबरें | ब्रॉड और वोक्स ने दिलायी इंग्लैंड को बड़ी बढ़त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. स्टुअर्ट ब्रॉड और क्रिस वोक्स ने नयी गेंद से तीन – तीन विकेट लेकर वेस्टइंडीज को पहली पारी में 287 रन पर आउट करके इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन रविवार को यहां 182 रन की बढ़त दिलायी।
मैनचेस्टर, 19 जुलाई स्टुअर्ट ब्रॉड और क्रिस वोक्स ने नयी गेंद से तीन – तीन विकेट लेकर वेस्टइंडीज को पहली पारी में 287 रन पर आउट करके इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन रविवार को यहां 182 रन की बढ़त दिलायी।
वेस्टइंडीज हालांकि इससे पहले फालोऑन बचाने में सफल रहा। उसकी तरफ से क्रेग ब्रैथवेट (75), शमर ब्रूक्स (68) और रोस्टन चेज (51) ने अर्धशतक जमाये।
यह भी पढ़े | लंबे ब्रेक के बाद तेज गेंदबाजों को सावधान रहना होगा: इरफान पठान.
अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 469 रन बनाकर समाप्त घोषित करने वाले इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में तेजी से रन बनाने के प्रयास में चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 37 रन बनाये। अब उसकी कुल बढ़त 219 रन की हो गयी है। स्टंप उखड़ने के समय बेन स्टोक्स 16 और कप्तान जो रूट आठ रन पर खेल रहे थे।
इंग्लैंड ने जोस बटलर और स्टोक्स को पारी का आगाज करने के लिये भेजकर अपने इरादे साफ जतला दिये थे कि वह अच्छी बढ़त हासिल करने के बाद सोमवार को वेस्टइंडीज को जल्द से जल्द बल्लेबाजी के लिये बुलाना चाहता है। केमार रोच (14 रन देकर दो) ने हालांकि बटलर (शून्य) को अपने पहले ओवर में ही बोल्ड कर दिया। रोच ने इसके बाद नये बल्लेबाज जॉक क्राउली (दस) की गिल्लियां भी बिखेरी।
यह भी पढ़े | कोरोना वायरस से ठीक होने के बाद ट्रेनिंग पर लौटे नोवाक जोकोविच.
इससे पहले इंग्लैंड की तरफ से ब्रॉड (66 रन देकर तीन) और वोक्स (42 रन देकर तीन) सबसे सफल गेंदबाज रहे। सैम कुर्रेन ने दो जबकि स्टोक्स और डॉम बेस ने एक एक विकेट लिया।
वेस्टइंडीज चाय के विश्राम के समय चार विकेट पर 227 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रहा था लेकिन ब्रॉड ने नयी गेंद से अपना पुराना रंग दिखाया तथा दस रन के अंदर ब्रूक्स और पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की चार विकेट से जीत के नायक जर्मेन ब्लैकवुड सहित तीन विकेट लेकर वेस्टइंडीज के खेमे में खलबली मचा दी।
ब्रूक्स को उन्होंने पगबाधा आउट किया जबकि ब्लैकवुड को बोल्ड करके उन्हें खाता भी नहीं खोलने दिया। ब्रॉड ने इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज शेन डोरिच को शून्य पर पवेलियन भेजा। कप्तान जैसन होल्डर भी दो रन बनाकर वोक्स की गेंद पर स्लिप में जो रूट को कैच दे बैठे।
ऐसे समय में चेज ने कर्रेन पर दो चौके जड़कर स्कोर 270 रन के पार पहुंचाया और इस तरह से वेस्टइंडीज को फालोऑन से भी बचा दिया। चेज अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद वोक्स की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इसके इंग्लैंड को निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) का सहारा लेना पड़ा। ब्रूक्स ने 137 गेंदें खेलकर 11 चौके लगाये जबकि चेज 85 गेंदों की पारी में सात चौके शामिल हैं।
इससे पहले ब्रैथवेट ने स्टोक्स को वापस कैच थमाने से पूर्व रात्रि प्रहरी अलजारी जोसेफ (32) के साथ 54 और शाई होप (25) के साथ 53 रन की दो अर्धशतकीय साझेदारियां की। उन्होंने अपनी पारी में 165 गेंदें खेली तथा आठ चौके लगाये।
तीसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद इंग्लैंड को तीन मैचों की श्रृंखला बराबर करने के कवायद में है लेकिन पहले दो सत्र में वह अपेक्षित सफलताएं हासिल नहीं कर पाया। पहले सत्र में वह केवल जोसेफ को आउट कर पाया जिनका स्पिनर बेस की गेंद पर शार्ट लेग पर ओली पोप ने एक हाथ से कैच किया।
सैम कुरेन ने दूसरे सत्र के शुरू में ही ऑफ कटर पर होप को विकेट के पीछे कैच कराकर अपना दूसरा विकेट लिया। ब्रैथवेट अच्छी तरह से अपनी पारी आगे बढ़ा रहे थे लेकिन स्टोक्स की गेंद पर एकाग्रता भंग होने के कारण उन्होंने अपना विकेट गंवाया।
वेस्टइंडीज ने साउथम्पटन में पहला टेस्ट मैच चार विकेट से जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना रखी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2020 11:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

