नयी दिल्ली, 28 मई ब्रिटेन की बहुराष्ट्रीय कंपनी बीएटी पीएलसी ने खुले बाजार के सौदे के जरिये आईटीसी में अपनी 2.5 प्रतिशत हिस्सेदारी 12,927 करोड़ रुपये (1.51 अरब डॉलर) में बेच दी है।
हिस्सेदारी बिक्री के बाद बीएटी की आईटीसी में हिस्सेदारी घटकर 22.94 प्रतिशत पर आ गयी है जो पहले 25.44 प्रतिशत थी। हालांकि, इस बिक्री के बावजूद ब्रिटिश कंपनी अब भी आईटीसी में प्रमुख हिस्सेदार है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में उपलब्ध थोक सौदों के आंकड़ों के अनुसार, ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको (बीएटी) ने अपनी इकाई टोबैको मैन्युफैक्चरर्स (इंडिया) लि. के माध्यम से कोलकाता स्थित आईटीसी में हिस्सेदारी बेची है। कंपनी ने कुल 31.30 करोड़ इक्विटी शेयर यानी 2.5 प्रतिशत हिस्सेदारी आईटीसी में बेची है।
शेयरों की बिक्री 413.12 रुपये से 413.78 प्रति इक्विटी के भाव पर की गयी। इस प्रकार, सौदे का कुल मूल्य 12,940.98 करोड़ रुपये बैठता है।
हिस्सेदारी बिक्री के बाद, टोबैको मैन्युफैक्चरर्स (इंडिया) लि. की आईटीसी में हिस्सेदारी 20.31 प्रतिशत से घटकर 17.81 प्रतिशत रह गई।
नवीनतम लेनदेन से पहले, बीएटी के पास अपने सहयोगियों रोथमैन्स इंटरनेशनल एंटरप्राइजेज, माइडलटन इन्वेस्टमेंट कंपनी और टोबैको मैन्युफैक्चरर्स (इंडिया) लिमिटेड के जरिये आईटीसी लिमिटेड में संयुक्त रूप से 25.44 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर आईटीसी के शेयरों के खरीदारों की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पायी है।
आईटीसी का शेयर एनएसई में 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 421 रुपये प्रति इक्विटी पर रहा।
ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको ग्रुप ने लंदन स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में कहा कि उसने संस्थागत निवेशकों को आईटीसी लिमिटेड में 31.30 करोड़ साधारण शेयरों की थोक बिक्री पूरी कर ली है।
आईटीसी में बीएटी का शुरुआती निवेश 1900 के दशक की शुरुआत में हुआ था और दोनों कंपनियों के बीच लंबे समय से पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंध हैं।
इससे पहले, बीएटी ने आईटीसी लि. में 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी 17,485 करोड़ रुपये में बेची थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY