देश की खबरें | आतंकवाद से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने का ब्रिक्स की बैठक में किया गया आह्वान

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल ब्रिक्स के उप विदेश मंत्रियों और पश्चिम एशिया एवं उत्तरी अफ्रीका (एमईएनए) से संबंधित विशेष दूतों ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर एक व्यापक समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने और उसे अंगीकृत करने का बुधवार को आह्वान किया।

उन्होंने आतंकवाद से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र की भूमिका के महत्व पर बल देते हुए क्षेत्र के देशों से आतंकवाद से निपटने के लिए कतई सहन नहीं करने का रुख अपनाने का भी आह्वान किया।

ब्रिक्स के उप विदेश मंत्रियों और विशेष दूतों ने दक्षिण अफ्रीकी शहर केप टाउन में ‘हाइब्रिड’ तरीके से हुई बैठक के बाद एक संयुक्त बयान में यह बात कही।

ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) दुनिया के पांच सबसे बड़े विकासशील देशों का एक समूह है, जो वैश्विक आबादी का 41 प्रतिशत और वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 24 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है।

बयान में कहा गया है, ‘‘उन्होंने आतंकवाद और उग्रवाद की निंदा की और क्षेत्र के देशों से आतंकवाद के प्रति कतई सहन नहीं करने का रुख अपनाने का आह्वान किया।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘वे इस बात पर सहमत हुए कि आतंकवाद और उग्रवाद को किसी भी धर्म, राष्ट्रीयता, सभ्यता या जातीय समूह से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘उन्होंने सभी पक्षों से तत्काल संघर्ष विराम तक पहुंचने का आग्रह किया और अंतरराष्ट्रीय तथा मानवीय कानून का सम्मान करने की आवश्यकता पर बल दिया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)