पटना, 15 जून बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बृहस्पतिवार की अपने आवास से सटी सड़क पर टहल रहे थे, उसी दौरान सुरक्षा में चूक के कारण दो मोटरसाइकिल सवार खतरनाक ढंग से उनके करीब आ गये।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्र ने घटना की पुष्टि की और इस संबंध में घटना के करीब 12 घंटे बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित भी किया। घटना सुबह करीब 6.40 बजे की है जब मुख्यमंत्री देश रत्न मार्ग पर सुबह की सैर कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "मोटरसाइकिल सवार नाबालिग थे, इस कारण उनकी पहचान उजागर नहीं की जा रही है। उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वीवीआईपी काफिले में शामिल सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें मौके पर ही रोक लिया गया था।"
इस मामले में वरिष्ठ अधिकारी पूरे दिन चुप्पी साधे रहे, यहां तक कि मीडिया के एक वर्ग मे असत्यापित खबरें भी चलती रहीं, जिनमें यहां तक दावा किया गया कि 70 वर्षीय मुख्यमंत्री को बाइक से टक्कर लगकर गिरने से बचने के लिए "कूदकर फुटपाथ पर जाना पड़ा।’’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मीडिया में आई खबरों पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन कहा, "अब तक की पूछताछ से पता चलता है कि दोनों शहर के बाहरी इलाके मसौढ़ी के रहने वाले हैं और छोटे-मोटे अपराधों में शामिल रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "आज सुबह लगभग 5.40 बजे, वे शहर के श्री कृष्ण पुरी इलाके में एक चेन स्नेचिंग की घटना में शामिल थे। एक अन्य साथी उनके साथ था, जो चोरी के सामान के साथ मोटरसाइकिल से पहले ही उतर गया था।"
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा, "मोटरसाइकिल सवारों ने सोचा कि वीवीआईपी क्षेत्र में यातायात कम होता है, ऐसे में पकड़े जाने से बचने के लिए वहीं से भागना सुरक्षित होगा। उन्होंने कुछ पुलिस अवरोधकों को पार भी कर लिया था, लेकिन वीवीआईपी सुरक्षा के कर्मियों द्वारा रोके जाने पर उनका संतुलन बिगड़ गया।’’
उन्होंने कहा कि आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और वे जिन रास्तों से गुजरे हैं, उनके सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के घरों की तलाशी ली जा रही है और तीसरे साथी की भी पहचान कर ली गई है, जिसका पता लगाया जा रहा है।
पत्रकारों के सवाल के जवाब में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा, "यह एक बड़ी सुरक्षा चूक है, जिसके लिए जवाबदेही तय की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने वाली व्यवस्था स्थापित करना है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY